ग्रेटर नोएडा बार एसोसिएशन की हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
ग्रेटर नोएडा। जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर के माध्यम से ज्ञापन भेजा है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी (बोडाकी) एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित आम सभा में हाईकोर्ट बेंच स्थापना के समर्थन में आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया।
बार एसोसिएशन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना को लेकर 40 वर्षों से चल रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए अधिवक्ताओं और आम जनता की मांग को प्रमुखता से उठाया।
ज्ञापन में बताया गया कि 14 नबंवर को केंद्रीय संघर्ष समिति के आह्वान पर प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम के बाद 2 दिसंबर 2026 को जंतर-मंतर, दिल्ली में न्याय यात्रा का समापन प्रस्तावित है।
इसके साथ ही 31 अक्टूबर को गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के विभिन्न स्थानों पर प्रचार-प्रसार कर आम जनता को हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया गया।
बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना कराने और अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की है।
इस दौरान अध्यक्ष मनोज भाटी (बोडाकी) और सचिव शोभाराम चंदील सहित बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अधिवक्ता मौजूद रहे।
Gautam Buddha Nagar, Gautam Buddh Nagar | Oct 31, 2026