गौवंश सुरक्षा का अनूठा अभियान: 'रेडियम बनेगा कवच', गौ सेवा समिति ने लिया हर गौमाता को रेडियम पहनाने का संकल्प
दिनारा (करैरा)। बरसात के मौसम में सड़कों पर बैठे गौवंश को सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से गौ सेवा समिति ने एक सराहनीय एवं जनहितकारी अभियान की शुरुआत की है। समिति ने संकल्प लिया है कि अधिक से अधिक गौवंश को रेडियम पट्टियां पहनाई जाएंगी, ताकि रात के समय वाहन चालकों को दूर से ही गौवंश दिखाई दे सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष कल्लू महाराज ने बताया कि बरसात के दिनों में बड़ी संख्या में गौमाता राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य प्रमुख सड़कों पर बैठ जाती हैं। रात के समय, विशेषकर काले रंग के गौवंश को देख पाना कठिन होता है, जिससे कई बार गंभीर सड़क हादसे हो जाते हैं। इन दुर्घटनाओं में गौवंश की मृत्यु हो जाती है या वे गंभीर रूप से घायल होकर जीवनभर पीड़ा झेलते हैं।
उन्होंने बताया कि रेडियम पट्टी वाहन की हेडलाइट पड़ते ही चमक उठेगी, जिससे ट्रक, बस, कार और दोपहिया वाहन चालक समय रहते सतर्क हो सकेंगे। इससे न केवल गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि में भी कमी आएगी।
इस अभियान में गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष कल्लू महाराज के साथ जितेंद्र लोधी, दीपक तिवारी, रोहित लोधी, बहादुर लोधी, दीपक लोधी, राजा लोधी, आनंद शर्मा, दीपक केवट एवं प्रदुम योगी सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
समिति ने सभी सनातन धर्म प्रेमियों, नगरवासियों एवं देशवासियों से अपील की है कि यदि कहीं भी गौमाता सड़क पर बैठी दिखाई दें तो उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रयास करें तथा "रेडियम पहनाओ–गौवंश बचाओ" अभियान में सहयोग देकर गौ सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें।
समिति का विश्वास है कि समाज और प्रशासन के सहयोग से यह पहल सड़क सुरक्षा और गौ संरक्षण—दोनों क्षेत्रों में एक प्रभावी एवं प्रेरणादायी कदम साबित होगी।