खड़गे के कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को रोके जाने पर रुद्रप्रयाग में कांग्रेस का प्रदर्शन, हल्द्वानी एसएसपी का पुतला फूंका!!
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोके जाने के आरोपों के विरोध में रुद्रप्रयाग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों ने संबंधित अधिकारी के निलंबन की मांग उठाई और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस प्रशासन की ओर से रोका गया। इस दौरान हल्द्वानी में कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई को कार्यकर्ताओं के लोकतांत्रिक अधिकारों में हस्तक्षेप बताया और इसे लेकर नाराजगी जताई।
इसी घटना के विरोध में रुद्रप्रयाग में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता लक्ष्मण रावत, नरेंद्र बिष्ट, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आकाश कापरुवाण सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी एसएसपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि संबंधित एसएसपी को तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए। यदि निलंबन की कार्रवाई नहीं होती है तो अधिकारी को कांग्रेस कार्यकर्ताओं से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कार्यकर्ताओं को रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत है।
Rudraprayag, Rudraprayag | Aug 12, 2026