केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बहादुरपुर में जनकल्याण शिविर व स्वास्थ्य मेले का आयोजन
बहादुरपुर, बस्ती। केंद्र सरकार के सफल एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को विकास खंड बहादुरपुर के ब्लॉक सभागार में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि केके दुबे ने किया। शिविर का उद्देश्य केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता सत्येंद्र सिंह भोलू ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि केके दुबे ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने में मदद मिलती है।
प्रभारी बीडीओ दीनानाथ मिश्र एवं एडीओ पंचायत अवधेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में स्वास्थ्य जांच, परामर्श तथा विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
इस दौरान मुख्यरूप से एडीओ समाजकल्याण सुरेंद्र नाथ वर्मा, भाजपा जिला मंत्री प्रेम प्रकाश चौधरी, शैलेन्द्र दूबे, विजयभान सिंह, रामतौल शुक्ल, अखंड प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
Basti, Basti | Jun 14, 2026