*वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ 'सूर्य सदन' का गृह प्रवेश, आचार्य शांतनु महाराज के निवास पर उमड़ा भक्तों का सैलाब*
परमपिता परमेश्वर की असीम अनुकम्पा से बस्ती नगर में नव निर्मित भवन "सूर्य सदन" का गृह प्रवेश संस्कार बुधवार, 24 जून 2026 को सुबह 9 बजे से त्रिशूल धारी भवन, मालवीय रोड, बस्ती में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बड़े उल्लास के साथ संपन्न हुआ। आचार्य श्री शांतनु जी महाराज के नवीन आवास "सूर्य सदन" में गृह प्रवेश के शुभ अवसर पर सुबह से ही यज्ञ-हवन एवं पूजा-अर्चना का क्रम प्रारंभ हो गया था। पंडितों द्वारा वास्तु शांति पूजन, गणेश पूजन एवं नवग्रह शांति कराने के पश्चात आचार्य श्री शांतनु जी महाराज ने विधिवत गृह प्रवेश किया। इस दौरान पूरे परिसर को फूल मालाओं, बंदनवार और रंगीन प्रकाश से भव्य रूप से सजाया गया था। भवन के मुख्य द्वार पर "सूर्य सदन" नाम अंकित कर मंगल कलश स्थापित किए गए।
गृह प्रवेश के पावन अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, संत-महात्मा, धर्मप्रेमी एवं शुभचिंतकों का तांता लगा रहा। सभी ने आचार्य श्री शांतनु जी महाराज को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर नवीन गृह प्रवेश की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
आचार्य श्री शांतनु जी महाराज ने इस शुभ अवसर पर कहा कि नए भवन में प्रवेश करना जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। परमेश्वर की कृपा और गुरुजनों पूर्वजो के आशीर्वाद से ही "सूर्य सदन" का निर्माण संभव हो पाया है। उन्होंने सभी पधारे हुए अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। गृह प्रवेश संस्कार के अवसर पर पूरा माहौल भक्तिमय हो गया और वैदिक मंत्रों की गूंज से वातावरण गुंजायमान रहा।
Basti, Basti | Jun 24, 2026