पत्नी से विवाद के बाद कार में आग लगाने का आरोप, खज्जियार के निजी होटल में मचा हड़कंप
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा 16 सितम्बर
चंबा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खज्जियार में मंगलवार देर रात एक निजी होटल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ठहरे हुए एक दंपति के बीच विवाद के बाद पार्किंग में खड़ी क्रेटा कार में आग लग गई। घटना में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लुधियाना निवासी नवविवाहित दंपति अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ खज्जियार के एक निजी होटल में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि कार को लेकर दंपति के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
आरोप है कि युवक ने कार में ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे आग लगा दी। आग की लपटें उठते ही होटल परिसर में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि पार्किंग में उस समय कोई अन्य वाहन आसपास नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाते हुए पत्नी तथा अन्य रिश्तेदारों से पूछताछ की। घटना के बाद युवक के मौके से चले जाने की बात भी सामने आ रही है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और घटना की पूरी परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े आरोपों और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Chamba, Chamba | Sep 16, 2026