मतदाता सूची में नाम जोडने की प्रक्रिया जारी
राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित
----
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में मतदाता सूची में नाम जोडने की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में आज उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बीएस श्रीवास्तव की अध्यक्षता में राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान भाजपा से श्री दिनेश दुबोलिया, कांग्रेस से श्री सुमेर सिंह एवं सदाशिव मीणा, बसपा से श्री विकास बौद्ध, आम आदमी पार्टी से श्री अनिल मीणा, इलेक्शन सुपरवाइजर श्रीमती प्रीति आर्य, श्री मोहम्मद अखलाक आदि उपस्थित रहे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बीएस श्रीवास्तव द्वारा बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के नाम जोडने के लिए 7 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रत्येक मतदान केन्द्र पर प्रातः 11 बजे से शाम 05 बजे तक लगाये जा रहे है। शिविर में बीएलओ द्वारा मतदाता सूची से छूटे हुए एवं प्रथम बार/युवा मतदाताओं के नाम जोडने के लिए फार्म-6 भरने की प्रक्रिया की जा रही है, अभी तक 2584 मतदाताओं के फार्म-6 नाम जोडने हेतु प्राप्त किये गये है। उन्होंने कहा कि सभी राजनैतिक दल अपने-अपने बूथ लेबल एजेंट के माध्यम से मतदाताओं को नाम जुडवाने के लिए प्रेरित करें तथा बीएलओ का सहयोग करें।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं को फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र भरने की आवश्यकता नही है, केवल फार्म-6 के निर्धारित प्रपत्र को ही भरना होगा। ऐसे मतदाता जिनके नाम मतदाता सूची में जुडने से शेष रह गये है अथवा ऐसे मतदाता जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो गई है अथवा ऐसे मतदाता जिनकी आयु 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे अपने नाम जुडवाने के लिए मतदान केन्द्रों पर जाकर बीएलओ के माध्यम से फार्म-6 भर सकते है। मतदाता सूची में नाम जुडवाने के लिए मतदाता ऑनलाईन आवेदन करना चाहते है वह अपना आवेदन https://voters.eci.gov.in/ एवं वोटर हेल्पलाईन एप्प के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन कर सकते है।
-
Chief Electoral Officer Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur