सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में जिले में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। इसी क्रम में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय श्योपुर में फिट इंडिया, योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय श्योपुर एवं शासकीय विधि महाविद्यालय श्योपुर के विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन एवं योगाभ्यास में उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक सक्रियता एवं मानसिक एकाग्रता के महत्व को समझा।
इस अवसर पर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय श्योपुर के प्राचार्य डॉ. ओ.पी. शर्मा, प्रो. अरविंद कुमार दोहरे, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. भारतेंदु सिंह, सेवा संकल्प अभियान प्रभारी डॉ. भूपेंद्र हरदेनिया, श्री गुमान सिंह तथा शासकीय विधि महाविद्यालय श्योपुर के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मनु प्रताप सिंह भदौरिया ने भी विद्यार्थियों के साथ सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
इस दौरान वक्ताओं द्वारा विद्यार्थियों को नियमित रूप से योग एवं ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, नियमित व्यायाम, योग एवं ध्यान की उपयोगिता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस सामूहिक योगाभ्यास में दोनों महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur