समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 25 नवंबर 2026
बक्सर जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने, खेती की लागत कम करने एवं कृषि कार्यों में समय की बचत करने के उद्देश्य से कृषि विभाग एवं जिला कृषि अभियंत्रण कार्यालय, बक्सर द्वारा 25 एवं 26 नवंबर को संयुक्त कृषि भवन, बक्सर के प्रांगण में दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेला का आयोजन किया जा रहा है।
आज दिनांक 25 नवंबर 2026 को मेले के प्रथम दिन जिला पदाधिकारी, बक्सर श्रीमती साहिला ने दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त बक्सर, जिला कृषि पदाधिकारी, बक्सर, उप निदेशक (कृषि अभियंत्रण), बक्सर एवं बिहार, पटना, वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय, डुमरांव के प्राचार्य, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, सभी सहायक निदेशक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी तथा कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
किसानों को आधुनिक एवं लाभकारी खेती अपनाने के लिए किया प्रेरित
किसानों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने खेती को लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने के लिए कृषि यांत्रिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ पारंपरिक कृषि पद्धतियों के समन्वय पर जोर दिया।
उप विकास आयुक्त ने किसानों को उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग एवं फसल विविधीकरण अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं फसलों में विविधता के माध्यम से किसानों की उत्पादकता और आय में वृद्धि की जा सकती है।
किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी द्वारा स्पेशल कस्टम हायरिंग सेंटर, जितेंद्र सिंह, प्रखंड चौसा तथा कस्टम हायरिंग सेंटर, विनय भूषण पाण्डेय, प्रखंड सिमरी को संयुक्त रूप से डेमो चाबी प्रदान की गई।
जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने मेला परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा किसानों एवं कृषि यंत्र विक्रेताओं से सीधा संवाद कर उपलब्ध कृषि यंत्रों एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
पराली प्रबंधन एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की दी गई जानकारी
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं कृषि महाविद्यालय के विशेषज्ञों ने किसानों को फसल अवशेष (पराली) नहीं जलाने, आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग तथा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं, बैंक प्रबंधकों द्वारा कृषि यंत्रों की खरीद के लिए उपलब्ध ऋण एवं वित्तीय सहायता संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई।
तकनीकी सत्र में पटना से आए विभागीय पदाधिकारियों ने विभिन्न कृषि यंत्रों के उपयोग एवं उनकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी दी। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे के संबंध में भी विस्तार से बताया गया।
जिला उद्यान पदाधिकारी ने उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, बक्सर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, बीज वितरण, फार्मर रजिस्ट्री सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में किसानों को जागरूक किया।
लगभग 25 स्टॉलों पर आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन
मेले के प्रथम दिन जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। मेला परिसर में निबंधित कृषि यंत्र विक्रेताओं, विभिन्न कंपनियों एवं अन्य विभागों द्वारा लगभग 25 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें ट्रैक्टर चालित कृषि यंत्रों के साथ रोटावेटर, सुपर सीडर, पावर वीडर, रीपर, थ्रेशर, सिंचाई उपकरण एवं फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
3,000 आवेदनों में से 791 किसानों को जारी हुआ परमिट
उप निदेशक (कृषि अभियंत्रण), बक्सर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कृषि यांत्रिकरण योजना के तहत जिले के लगभग 3,000 किसानों द्वारा ऑनलाइन आवेदन किया गया था। इनमें पात्रता के आधार पर 791 किसानों को कृषि यंत्र क्रय हेतु स्वीकृति पत्र (परमिट) जारी किया जा चुका है।
परमिटधारी किसान अपनी पसंद के निबंधित विक्रेताओं से निर्धारित प्रक्रिया के तहत 40 से 80 प्रतिशत तक सरकारी अनुदान पर कृषि यंत्रों की खरीद कर सकते हैं।
उप निदेशक (कृषि अभियंत्रण), बक्सर ने जिले के सभी किसानों, विशेषकर परमिटधारी लाभुकों से अपील की कि वे कृषि यांत्रिकरण योजना के तहत उपलब्ध सरकारी अनुदान का लाभ उठाएं तथा आधुनिक कृषि यंत्रों को अपनाकर खेती को अधिक उन्नत, लाभकारी एवं समृद्ध बनाएं।
मेले में कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं प्रगतिशील कृषक सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Samrat Choudhary Buxar Administration Buxar Police Department of Agriculture, Government of Bihar जिला प्रशासन बक्सर #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #buxarcity #buxarjila #BuxarNews #samratchaudhary #bihar
Buxar, Bihar | Nov 25, 2026