#सैदपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को किया गिरफ्तार, 252 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद
गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैदपुर पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 252 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, एक कार और मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 01/02 अक्टूबर 2026 की रात प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रताप नारायण यादव, उपनिरीक्षक शिवमणि सेन तथा पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम परमानन्दपुर स्थित काली माता मंदिर के पास कुछ लोग शराब की दुकान से शराब लाकर कार में लाद रहे हैं और उसे बिहार ले जाने की तैयारी में हैं।
सूचना पर पुलिस और स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर शराब लाद रहे दो व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि रमन सिंह पुत्र संतोष सिंह, निवासी पहाड़पुर, थाना गड़वार, जनपद बलिया, उम्र करीब 19 वर्ष को पुलिस ने कार में शराब लादते हुए मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान सफेद रंग की कार से 204 बोतल 750 एमएल तथा 264 बोतल 375 एमएल, कुल 252 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके अलावा एक ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किया।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सैदपुर में मु0अ0सं0 335/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी में थाना सैदपुर पुलिस के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रताप नारायण यादव, उपनिरीक्षक शिवमणि सेन तथा स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शिवमणि त्रिपाठी और उनकी टीम शामिल रही। #GhazipurNews