देबियाना मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराकर पलटी तेज रफ्तार ब्रेजा कार, बाल-बाल बचा चालक, हादसे के बाद मौके से फरार; पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच
धनबाद-आसनसोल मार्ग पर मंगलवार की सुबह देबियाना मोड़ के समीप तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। करीब 10 बजे धनबाद की ओर से आ रही एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क पर पलट गई और उसके चारों पहिए ऊपर हो गए। हालांकि, इस भीषण हादसे में चालक बाल-बाल बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार देवघर से आसनसोल की ओर जा रही थी। हादसे के बाद चालक किसी तरह क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकला और मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही निरसा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चालक की पहचान और उसके फरार होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Purbi Tundi, Dhanbad | Nov 24, 2026