सरकार की नीतियों के विरोध में वाम संगठनों का जेल भरो आंदोलन, कचहरी चौक जाम
जमुई। केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में किसान सभा, सीटू, बिहार खेतिहर मजदूर यूनियन, डीवाईएफआई, एसएफआई और जनवादी महिला समिति की जमुई जिला कमेटी ने सोमवार को जेल भरो आंदोलन किया। इस दौरान कचहरी चौक पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलन का नेतृत्व सीपीएम के जिला सचिव नागेश्वर प्रसाद ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने चारों लेबर कोड रद्द करने, मनरेगा को पूर्व स्वरूप में बहाल करने, स्मार्ट मीटर वापस लेने और बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा योजना कर्मियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा, न्यूनतम मजदूरी 26 हजार रुपये करने, पेट्रोल-गैस की कीमत कम करने और किसानों की कर्जमाफी की मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने भूमिहीनों को पांच डिसमिल जमीन, गरीबों को आवास और स्थानीय स्तर पर उद्योग स्थापित कर रोजगार उपलब्ध कराने की भी मांग की।
Jamui, Jamui | Aug 10, 2026