देहरादून में भाजपा पार्षद के घर कथित लूट की वारदात से हड़कंप मच गया... आरोप है कि घर में काम करने वाले घरेलू सहायक ने परिवार के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोश हो गए और इसी दौरान घर से सोने के आभूषण गायब हो गए।
मामला बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास का है, जहां भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर यह घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात घरेलू सहायक ने परिवार के लिए तैयार खाने में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला दिया।
खाना खाने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। होश में आने के बाद घर में हुई वारदात की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना में पार्षद अमिता सिंह की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं उनके पति महिपाल सिंह और बेटे की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
परिवार के मुताबिक, घरेलू सहायक को करीब 20 दिन पहले पार्षद की बेटी दिल्ली से घरेलू कामकाज के लिए लेकर आई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी नेपाल मूल का है। पुलिस अब उसकी पहचान, पुराने रिकॉर्ड और उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
परिवार की ओर से आरोप लगाया गया है कि सभी के बेहोश होने के बाद घरेलू सहायक घर में रखे सोने के आभूषण लेकर कथित साथियों के साथ फरार हो गया।
हालांकि, कितने लोग इस घटना में शामिल थे, कितने आभूषण गायब हुए और खाने में कौन सा पदार्थ मिलाया गया था, इसकी पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घरेलू सहायक की तलाश के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
#Dehradun #DehradunNews #UttarakhandNews #BreakingNews #ViralNews #CrimeNews #LootCase #DehradunCrime #UttarakhandCrime #BJP पार्षद #ViralVideo #LatestNews #CitySpecialNews #NewsAlert #DomesticHelper #CrimeNewsIndia
#CitySpecialNews