छठ की खरीदारी को लेकर सिमरी बाजार में उमड़ा जनसैलाब, स्टेशन चौक पर भीषण जाम से लोग हलकान
लगातार दूसरे दिन बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़, मुख्य बाजार से स्टेशन चौक तक वाहनों की लंबी कतार; यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल
सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सिमरी बख्तियारपुर बाजार में खरीदारी का उत्साह चरम पर है। शनिवार को लगातार दूसरे दिन बाजार में खरीदारों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मुख्य बाजार से लेकर स्टेशन चौक तक लोगों की भीड़ और वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली।
भीड़ का आलम यह रहा कि स्टेशन चौक पर वाहन रेंगते नजर आए। देखते ही देखते सड़क पर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। जाम में फंसे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खासकर त्योहार की खरीदारी करने पहुंचे लोगों को बाजार में आवागमन के दौरान भारी दिक्कत हुई।
सबसे गंभीर बात यह रही कि बाजार में भारी भीड़ और जाम की स्थिति के बावजूद यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासनिक सक्रियता अपेक्षाकृत कम दिखाई दी।
त्योहार में भी जाम से जूझ रहे लोग, प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग
छठ जैसे बड़े पर्व पर बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। स्थानीय लोगों ने मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती, वाहनों के प्रवेश और पार्किंग की समुचित व्यवस्था तथा जाम से निपटने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि आखिर प्रशासन कब जागेगा? क्या छठ पर्व के दौरान भी लोगों को इसी तरह जाम की समस्या से जूझना पड़ेगा या प्रशासन समय रहते कोई ठोस कदम उठाएगा?
Kahara, Saharsa | Nov 14, 2026