⛔ बाबा गणिनाथ गोविंद पूजनोत्सव श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया
मधेपुरा जिला परिषद विवाह भवन में हलवाई समाज अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा, मधेपुरा के तत्वावधान में बाबा गणिनाथ गोविंद पूजनोत्सव श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में समाज के महिला, पुरुष एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर बाबा गणिनाथ गोविंद की विधिवत पूजा-अर्चना कर समाज की एकजुटता, सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन सहरसा जिलाध्यक्ष मोहन साह, हरिश्चंद्र साह, अजय साह, अमरेंद्र कुमार, सुशील साह, मदन साह, राजेंद्र साह, सेवानिवृत्त एलआईसी डीओ अरुण साह एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. हीरेन्द्र कुमार साह सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने बाबा गणिनाथ गोविंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि एवं नमन किया।
पूजनोत्सव को लेकर जिला परिषद विवाह भवन परिसर में सुबह से ही उत्सवी माहौल रहा। समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया। पूजा के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के साथ बिहार मंच के कलाकारों ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। डी1ए2 डांस एकेडमी एवं बिहार मंच के कलाकारों ने अनीश गौतम के नेतृत्व में शानदार नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन गायक एवं समाजसेवी सुनीत साना ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए आपसी एकजुटता और सहयोग जरूरी है। शिक्षा को सामाजिक विकास का आधार बताते हुए नई पीढ़ी को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने तथा युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा गणिनाथ गोविंद पूजनोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज के लोगों को एक मंच पर आने तथा आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर मिलता है। साथ ही, युवा पीढ़ी को अपनी परंपरा, संस्कृति और गौरवशाली विरासत से परिचित होने का अवसर मिलता है। समारोह में समाज के लोगों ने आपसी सहयोग, शिक्षा, सामाजिक उत्थान और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
पूरे समारोह के दौरान श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक सौहार्द का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने बाबा गणिनाथ गोविंद के प्रति आस्था प्रकट करते हुए समाज एवं क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और उन्नति की कामना की।
📹 Murari Singh मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times