Public App Logo
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर पंचायतों में निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा इलाका लखीसराय। भारत सरकार के “हर घर तिरंगा- अभियान के तहत जिला प्रशासन, लखीसराय के निर्देश पर जिले के विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, झंडा वितरण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य आमजनों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करना है। इसी क्रम में हलसी, सूर्यगढ़ा, रामगढ़ चौक, लखीसराय सहित अन्य प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। बिल्लो, अमहरा, बालगुदर तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय महेशपुर सहित अन्य स्थानों पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, मुखिया, प्रखंड एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारियों तथा छात्र-छात्राओं की सहभागिता से उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा एवं प्रभात फेरी निकाली गई। तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान लोगों को “हर घर तिरंगा” अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जागरूक किया गया। विभिन्न स्थानों पर आमजनों के बीच तिरंगे का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसकी गरिमा एवं सम्मान तथा “हर घर तिरंगा” अभियान की भावना के संबंध में लोगों को जानकारी दी गई। प्रखंड विकास पदाधिकारियों, विद्यालयी बच्चों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से आयोजित कार्यक्रमों में खासा उत्साह देखने को मिला। विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं में अभियान को लेकर उत्साह रहा और पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना रहा। - Lakhisarai News