समाहरणालय, पूर्णिया
जिला जनसम्पर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति:-1883,
दिनांक:-13नवंबर 2026,
====================
जिलाधिकारी, पूर्णिया श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के दिशा-निर्देश के आलोक में गुरुवार को नगर पंचायत अमौर के अंतर्गत स्थित रेफरल अस्पताल परिसर में एक बड़े कार्य को कराया गया। यहाँ पिछले पाँच (05) वर्षों से खराब और बंद पड़े हाईमास्ट लाइट की मरम्मती का कार्य नगर कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत, अमौर (पूर्णिया) के निर्देशानुसार, मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद तथा वार्ड पार्षद, नगर पंचायत, अमौर के सहयोग से सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
अमौर का रेफरल अस्पताल क्षेत्र का एक प्रमुख चिकित्सा संस्थान है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज, उनके परिजन और ग्रामीण इलाज के लिए आते हैं। लेकिन विडंबना यह थी कि अस्पताल परिसर में लगा हाईमास्ट लाइट पिछले पाँच वर्षों से तकनिकी खराबी के कारण पूरी तरह बंद पड़ा था। इसके चलते रात्रि के समय अस्पताल परिसर और इसके आसपास के इलाकों में घना अंधेरा छाया रहता था।
अंधेरे के इस माहौल के कारण रात के वक्त अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को काफ़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी यह स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी। स्थानीय नागरिकों द्वारा लंबे समय से इस हाईमास्ट लाइट को ठीक कराने की माँग की जा रही थी, ताकि परिसर में रोशनी की उचित व्यवस्था हो सके।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा लगातार यह निर्देश दिए जाते रहे हैं कि जनता से जुड़े संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं को अविलंब दुरुस्त किया जाए। इसी कड़ी में जिला प्रशासन की मंशा के अनुरूप नगर पंचायत अमौर के कार्यपालक पदाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
उनके निर्देशानुसार तकनीकी विशेषज्ञों और कर्मचारियों की एक टीम को रेफरल अस्पताल परिसर भेजा गया, जिन्होंने युद्धस्तर पर हाईमास्ट लाइट की मरम्मत का कार्य शुरू किया। क्रेन और अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से खराब पड़े पार्ट्स, वायरिंग और खराब लाइट को ठीक किया गया।
मरम्मती कार्य पूरा होने के बाद जैसे ही हाईमास्ट लाइट को चालू किया गया, पूरा रेफरल अस्पताल परिसर रोशनी से जगमगा उठा। प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था होने से अब न केवल अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी, बल्कि रात्रि के समय सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता होगी।
#cmsamrat
#samratchoudhary
#pmmodi
Purnia, Bihar | Nov 13, 2026