दीपावली के बाद शामगढ़ मंडी में फसलों की बंपर आवक, प्याज से भरा नवीन मंडी परिसर
शामगढ़। दीपावली अवकाश के बाद गुरुवार को खुली शामगढ़ कृषि उपज मंडी में फसलों की बंपर आवक देखने को मिली। मंडी में सबसे अधिक आवक प्याज की रही, वहीं सोयाबीन, धनिया, लहसुन और मूंगफली की भी अच्छी आवक हुई।
मंडी में शुभ मुहूर्त पर व्यापारी मंडल अध्यक्ष रमेशचंद्र काला, व्यापारी अनिल काला, रामगोपाल फरक्या, मंडी सचिव भीमा खोखर, प्रदीप शर्मा एवं मंडी कर्मचारियों की मौजूदगी में बालाजी की पूजा-अर्चना और आरती की गई। इसके बाद सफाईकर्मी दिनेश बाली (काका) का सम्मान कर विधिवत खरीदी शुरू की गई।
नीलामी की शुरुआत में व्यापारी अनिल काला ने शामगढ़ की प्रियकुंवर से धनिया 17,001 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से खरीदा, जबकि व्यापारी अंकित काला ने सोयाबीन 8,112 रुपये प्रति क्विंटल में खरीदा। इसके अलावा लहसुन और मूंगफली की भी खरीदी हुई।
नगर के बीच स्थित पुरानी मंडी में जगह की कमी के चलते सोयाबीन, धनिया, लहसुन और मूंगफली की खरीदी हो रही है, जबकि प्याज की अधिक आवक को देखते हुए धामनिया दीवान स्थित नवीन मंडी में नीलामी की जा रही है। प्याज की बंपर आवक से नवीन मंडी का पूरा परिसर भर गया।
मंडी सचिव भीमा खोखर ने बताया कि नवीन मंडी के विकास के लिए राशि आवंटन का प्रस्ताव कलेक्टर के माध्यम से भोपाल भेजा गया है। विधायक हरदीप सिंह डंग ने भी इसके लिए प्रस्ताव दिया है। राशि स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके बाद नवीन मंडी में प्याज, लहसुन और मूंगफली की नीलामी की व्यवस्था की जाएगी।