Public App Logo
काराकाट में रिटायर्ड जवान का शव सड़क किनारे मिला,जेब से सल्फास की गोली मिलने से जताई जा रही हत्या की आशंका काराकाट थाना क्षेत्र में मोथा गांव के पास एनएच-120 के किनारे शनिवार देर रात एक शव मिला। शव की पहचान बुढ़वल गांव निवासी 45 वर्षीय सेवानिवृत्त आर्मी जवान दीपक कुमार के रूप में हुई। सूचना मिलते ही काराकाट पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर जांच शुरू की। दीपक कुमार अपने परिवार के साथ बिक्रमगंज में रहते थे। शनिवार रात वह घर से निकले थे और मोथा के पास सड़क किनारे उनका शव संदिग्ध हालत में मिला। देर रात सूचना मिलने पर बुढ़वल गांव से उनके बड़े भाई अशोक सिंह और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। काराकाट थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो पाई थी। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मृतक की जेब से सल्फास की गोली मिली है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा होगा। मृतक के बड़े भाई अशोक सिंह ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि दीपक सेना में सेवा दे चुके थे और दो-तीन साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे। अशोक सिंह ने आत्महत्या की संभावना से इनकार करते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि दीपक को सल्फास खिलाकर मारने के बाद शव सड़क किनारे फेंका गया हो सकता है। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। परिजनों ने बताया कि दीपक कुमार 2002 के आसपास सेना में भर्ती हुए थे और दो-तीन साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे। 2008 में उनकी शादी हुई थी और उनका 15 वर्षीय इकलौता पुत्र आदर्श कुमार है - Kargahar News