भारत-नेपाल आर्थिक सहयोग मंच 2026 की बैठक संपन्न, पर्यटन, उद्योग और व्यापारिक सहयोग पर हुआ मंथन
सिमरा (नेपाल)। भारत-नेपाल आर्थिक सहयोग मंच 2026 की बैठक सिमरा स्थित होटल श्रेष्ठ रेसीडेंसी में संपन्न हुई। बैठक में भारत और नेपाल के बीच आर्थिक, व्यापारिक, पर्यटन, उद्योग, कृषि, मानव संसाधन, संस्कृति एवं सूचना प्रविधि के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि बीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के महावाणिज्यदूत महामहिम देवी सहाय मीणा ने अपने संबोधन में दोनों मित्र देशों के सदियों पुराने आत्मीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने आपसी सहयोग से लाभकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, आर्थिक साझेदारी को विस्तार देने तथा दोनों देशों के बीच संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सारगर्भित सुझाव प्रस्तुत किए।
बीरगंज स्थित सरोवर होटल के कार्यक्रम में बीरगंज के युवा उद्यमियों की संस्था NYEF के अध्यक्ष चंदन साह ने स्वागत मन्तव्य दिया, जबकि मोहित अग्रवाल ने कार्यक्रम का सहजीकरण किया।
बैठक में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स, भारत के इंडिया-नेपाल सेंटर के सचिव अतुल के. ठाकुर, अशोक टेमानी, गणेश लाठ, बीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के उपाध्यक्ष माधव राजपाल, प्रभात रूंगटा, अनूप अग्रवाल, वाणिज्यदूत मनीष दुधपुरी, सीए अरविंद खेतान, महेश अग्रवाल, रोशन गुप्ता सहित उद्योग, व्यवसाय, बैंकिंग एवं विभिन्न निकायों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
विचार-विमर्श के दौरान नए हवाई मार्गों की शुरुआत, जनकपुर-अयोध्या रेल सेवा, बाढ़ से क्षतिग्रस्त संरचनाओं के पुनर्निर्माण में सहयोग तथा विकास योजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण विषय उठाए गए।
इसके अलावा पर्यटन विकास, उद्योग एवं व्यापार विस्तार, कृषि, मानव संसाधन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सूचना प्रविधि, निजगढ़-रक्सौल विमान सेवा, जानकीधाम एवं सौराहा मॉडल के आधार पर पर्सा राष्ट्रीय निकुंज के पर्यटन संवर्धन जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
सिमरा कार्यक्रम में सिमरा प्रशासन प्रमुख गणेश नेपाली, डॉ. अशोक राम, डॉ. बीपी यादव, अरविंद यादव, मिस नेपाल फर्स्ट रनर-अप नेहा गुप्ता सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
बैठक का उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करते हुए व्यापार, पर्यटन, निवेश एवं क्षेत्रीय विकास के नए अवसरों को तलाशना रहा।
#भारतनेपाल #आर्थिकसहयोग #IndiaNepal #Simara #Birgunj #Nepal #Tourism #Business #Trade #BNPUNews #सीतामढ़ी #बिहार #नेपाल #भारतनेपालमैत्री #EconomicCooperation
Dumra, Sitamarhi | Nov 20, 2026