जमुई: शांति समिति की बैठक में DM और SP ने सुरक्षा व शांति का दिया संदेश,
सुरक्षा व विधि व्यवस्था के साथ शांतिपूर्वक दुर्गापूजा पर्व संपन्न कराने को लेकर शनिवार की शाम 4:00 बजे DM नवीन और SP विश्वजीत दयाल के निर्देश पर सभा कक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में SDO, DPRO समेत अन्य पदाधिकारी के अलावा शांति समिति के सम्मानित सदस्य, पूजा समितियों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग शामिल हुए। वहीं पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, विसर्जन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर DM ने कहा कि जमुई जिला लंबे समय तक नक्सलवाद की चुनौती से प्रभावित रहा है, लेकिन अब जिला शांति, विकास और नई संभावनाओं की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिला प्रशासन जिले के समग्र विकास, पर्यटन एवं औद्योगिक संभावनाओं को साकार करने तथा आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे में त्योहारों के दौरान होने वाली कोई भी अवांछित या अप्रिय घटना जिले की सकारात्मक छवि और विकास की गति को प्रभावित कर सकती है।
उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील किया कि वे अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान करें, जो त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर सकते हैं। इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें तथा अपने स्तर से भी लोगों को जागरूक कर ऐसी गतिविधियों को रोकने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज के बीच सार्थक संवाद, आपसी विश्वास एवं सामूहिक जिम्मेदारी से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है। बैठक के दौरान जिला प्रशासन की विकास योजनाओं एवं जिले में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया गया।
वहीं SP ने अपने संबोधन में कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। असामाजिक तत्वों एवं शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों पर सतत निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आस्था और श्रद्धा के इस पर्व में व्यवधान उत्पन्न करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में SDO ने पूजा समितियों को निर्देश दिया कि वे अपने पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। प्रवेश एवं निकास द्वार की समुचित व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षित आवागमन तथा अन्य आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि पूजा के लिए जिला प्रशासन से प्राप्त अनुमति में निर्धारित सभी शर्तों का पालन करना पूजा समितियों की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों एवं पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने तालाबों एवं आहरों में जलस्तर अधिक होने के कारण प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करने का अनुरोध किया। जिला प्रशासन ने इस सुझाव को स्वीकार करते हुए विसर्जन के दौरान सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी दुर्गा पूजा के दौरान डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। आस्था का पर्व शांति, श्रद्धा और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाया जाना चाहिए। अनावश्यक शोर-शराबा एवं ध्वनि प्रदूषण से आम नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों तथा अन्य लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए इस संबंध में निर्धारित प्रतिबंधों का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा।
Jamui, Jamui | Oct 11, 2026