JPSC-JSSC आंदोलन: भूख हड़ताल के छठे दिन देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी, सरकार को सौंपा गया 8 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल
रांची: जेपीएससी–जेएसएससी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा छात्र आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। भारी बारिश के बावजूद छात्र और अभिभावक पूरे दिन धरना स्थल पर डटे रहे और सरकार व आयोग के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुक्रवार को छठे दिन भी जारी रही। मेडिकल टीम के अनुसार उनका शुगर लेवल काफी गिर गया है और स्वास्थ्य में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने आंदोलनरत छात्रों का साथ नहीं छोड़ने की बात कहते हुए अस्पताल जाने से इनकार कर दिया।
प्रशासन के आग्रह पर जेपीएससी–जेएसएससी अभ्यर्थी मंच ने सरकार के साथ संभावित वार्ता के लिए 8 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल की सूची सौंप दी है। प्रतिनिधिमंडल में रामा अवतार महतो, चंदन कुमार, दिनबंधु मंडल, बिमल कुमार, पूजा कुमारी, प्रेम कुमार, रवि शंकर और अमित कुमार शर्मा शामिल हैं।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि सरकार छात्रों के सब्र की परीक्षा लेना बंद करे। उनका कहना है कि छात्र अब तक पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन चला रहे हैं। सरकार को जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर किसी भी तरह की अराजक स्थिति से बचना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द वार्ता कर समाधान नहीं निकाला गया तो 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा मार्च ऐतिहासिक होगा, जिसमें राज्यभर से बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और युवा शामिल होंगे।
शुक्रवार को आंदोलन स्थल पर पूर्व सांसद Ram Tahal Choudhary, ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन की अध्यक्ष Neha Bora तथा सीजेपी के पदाधिकारी पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
#JPSC #JSSC #JPSCJSSC #Jharkhand #Ranchi #DevendraNathMahato #StudentProtest #HungerStrike #JusticeForStudents #AssemblyMarch #JharkhandNews #BreakingNews #ViralNews #Education #YouthPower #ExamScam #StudentsUnity #TrendingNews #HindiNews #Viral