फोटोग्राफी से बदला युग और समाज: विक्रमादित्य विश्वविद्यालय और सोनी इंडिया की फोटोग्राफी कार्यशाला आयोजित*
---
कैमरे के लेंस से समझी डिजिटल क्रांति: उज्जैन में फोटो प्रेमियों ने सीखे फोटोग्राफी के सीक्रेट्स
---
उज्जैन 12 अक्टूबर 2026/ डिजिटल तकनीक के दौर में अब फोटोग्राफी सिर्फ एक शौक नहीं, बल्कि कला और अभिव्यक्ति का मजबूत माध्यम बन चुकी है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन की सतत् शिक्षा अध्ययनशाला और पत्रकारिता एवं जनसंचार अध्ययनशाला ने सोनी इंडिया व सोनी अल्फा कम्युनिटी के साथ मिलकर एक दिवसीय 'बेसिक फोटोग्राफी कार्यशाला' का आयोजन किया।
विश्वविद्यालय परिसर के सतत् शिक्षा सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में विद्यार्थियों और फोटोग्राफी के प्रेमियों को आधुनिक कैमरा तकनीक और फोटोग्राफी के बुनियादी सिद्धांतों से आमना - सामना करवाया गया।
कार्यक्रम के अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ कार्यपरिषद सदस्य डॉ. राजेश सिंह कुशवाह, कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज और कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि आज के डिजिटल युग में फोटोग्राफी और कैमरे हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। तकनीक के माध्यम से विद्यार्थी अपनी रचनात्मकता को नई पहचान दे सकते हैं।
मुंबई से आए सोनी इंडिया के अल्फा स्पेशलिस्ट व टेक्निकल मेंटर सुधाकर सिंह ने प्रतिभागियों को कैमरे की बारीकियां सिखाईं। उन्होंने लाइव डेमोंस्ट्रेशन के जरिए कैमरा मेन्यू सेटिंग्स, एक्सपोजर, कंपोजिशन और लाइटिंग के सही इस्तेमाल की व्यावहारिक जानकारी दी। अपने संबोधन में श्री सिंह ने एक प्रेरक बात कही कि "फोटोग्राफी ही युग के बदलाव का कारण रही है, समाज में बदलाव लाती रही है और भविष्य में भी बदलाव का अहम हिस्सा बनी रहेगी।"
कार्यशाला के दौरान सोनी इंडिया के मध्य प्रदेश सेल्स मैनेजर फरीद अहमद ने सोनी कैमरा सिस्टम की तकनीकी क्षमताओं के बारे में बताया और प्रतिभागियों के सवालों का जवाब देकर उनकी शंकाओं को दूर किया। कुल चार सत्रों में आयोजित इस कार्यशाला में थ्योरी के साथ-साथ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया गया, जिससे प्रतिभागियों की रचनात्मक सोच को तकनीक से जोड़ा गया। फोटोग्राफी कम्युनिटी मेंटर श्री अनुराग बडोलिया ने विद्यार्थियों को आधुनिक फोटोग्राफी के स्वरूप के बारे मे विस्तार से बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत में अध्ययनशाला के संकाय सदस्य डॉ. अजय शर्मा और श्री रोहित कुम्भकार ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में सतत् शिक्षा अध्ययनशाला के प्रभारी संचालक डॉ. सुशील कुमार शर्मा ने सोनी इंडिया की टीम, अतिथियों और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh PRO Ujjain
Umaria, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026