पितृपक्ष मेले से पहले गया जंक्शन का मेगा निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा से सुरक्षा तक परखी गई हर व्यवस्था, डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार ने लिया तैयारियों का जायजा, संकरे फुटओवर ब्रिज पर विशेष पुलिस-मजिस्ट्रेट की तैनाती; ट्रेन-प्लेटफॉर्म की जानकारी डिस्प्ले और अनाउंसमेंट से मिलेगी
गया। पितृपक्ष मेला शुरू होने से पहले गया रेलवे जंक्शन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, सदर एसडीओ, एसएसपी सुशील कुमार, सिटी एसपी समेत कई वरीय अधिकारियों ने शुक्रवार को गया रेलवे जंक्शन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल, साफ-सफाई, मेडिकल सुविधा, शौचालय, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था समेत तमाम तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
पितृपक्ष मेले के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पिंडदान और तर्पण के लिए गया पहुंचते हैं। ऐसे में गया जंक्शन श्रद्धालुओं के आवागमन का प्रमुख केंद्र बन जाता है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और रेलवे की ओर से यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संयुक्त रूप से व्यवस्थाएं की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वेटिंग रूम की व्यवस्था देखी। यहां बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने और इंतजार करने की सुविधा को परखा गया। वेटिंग रूम के साथ ही शौचालयों की साफ-सफाई और नियमित रखरखाव की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। स्टेशन परिसर में जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के बैठने और आराम करने के लिए लगाए जाने वाले टेंट की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने स्टेशन पर उपलब्ध पीने के पानी और मेडिकल सुविधा की भी समीक्षा की। किसी यात्री या श्रद्धालु को अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके, इसके लिए मेडिकल इंतजामों को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया। वहीं, भीड़ और यात्रियों से जुड़ी किसी भी समस्या की तत्काल निगरानी एवं समाधान के लिए कंट्रोल रूम की व्यवस्था भी देखी गई।
संकरे फुटओवर ब्रिज पर रहेगी खास नजर
गया जंक्शन पर यात्रियों की आवाजाही को लेकर संकरे फुटओवर ब्रिज को भी अधिकारियों ने गंभीरता से लिया। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर यहां भीड़ का दबाव नहीं बढ़े और यात्रियों को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए विशेष पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। भीड़ की स्थिति के अनुसार यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जाएगा।
अब डिस्प्ले बताएगा किस ट्रेन का प्लेटफॉर्म कौन सा
रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए एक और महत्वपूर्ण व्यवस्था की गई है। स्टेशन पर जिन स्थानों पर श्रद्धालु ठहरेंगे या ट्रेनों का इंतजार करेंगे, वहां ट्रेन के नाम/नंबर और प्लेटफॉर्म की जानकारी डिस्प्ले के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही ट्रेनों के प्लेटफॉर्म और आवागमन से संबंधित जानकारी का अनाउंसमेंट भी लगातार किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को ट्रेन पकड़ने के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन और रेलवे के अधिकारियों ने आपसी समन्वय से सभी व्यवस्थाओं को संचालित करने पर जोर दिया। पितृपक्ष मेले में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा, सुरक्षित आवागमन और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन पर सुरक्षा से लेकर सुविधा तक हर मोर्चे पर तैयारी की जा रही है।
#गयाजी
#गया_हो
#GayaPolice
#LatestNews
#बीजेपीसरकार
#लेटेस्ट