केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने अशोकनगर में 5200 करोड़ की विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
केन्द्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद श्री सिंधिया की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित
---
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा)की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया द्वारा अशोकनगर जिले में संचालित 5200 करोड़ रूपये की विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को समय सीमा में पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं व कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति समीक्षा कर कार्यों को गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों को मिली निगरानी की जिम्मेदारी
--
बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया द्वारा जिले में चल रहे विकास कार्यो पर सतत निगरानी,प्रगति,गुणवत्ता के लिए विधायक, जनप्रतिनिधि तथा प्रशासन की संयुक्त टीम बनाई गई,जो मौके पर जाकर कार्यो की गुणवत्ता को देखकर प्रत्येक परियोजना की सतत मॉनीटरिंग सुनिश्चित करेगी।
बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया द्वारा अमृत 2.0 अंतर्गत शहरी जल वितरण योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि नगरीय निकायों में वर्ष 2040 को दृष्टिगत रखते हुए जल आपूर्ति की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक में बताया गया कि जिले की नगरीय निकायों को वर्ष 2040 की मांग अनुसार नगर पालिका अशोकनगर के लिए 13.17 एमएलडी,नगरपालिका चंदेरी के लिए 7 एमएलडी, नगरपरिषद पिपरई में 3.42 एमएलडी,नगरपरिषद मुंगावली के लिए 7.30 एमएलडी,नगर परिषद ईसागढ के लिए 2.03 एमएलडी तथा नगर परिषद शाढौरा के लिए एक एमएलडी की उपलब्धता की मांग है। बैठक में नगरपालिका अशोकनगर द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना की अद्यतन स्थिति के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिए। बैठक में 558 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली चंदेरी सूक्ष्म सिंचाई परियोजना की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि परियोजना की यथाशीघ्र टेस्टिंग एवं कमिश्निंग कार्य पूर्ण कर लोकार्पण का कार्य पूर्ण कराया जाए। जिससे चंदेरी,मुंगावली,पिपरई तहसील के 121 ग्रामों के किसान इस योजना से लाभान्वित हो सके। इस योजना के प्रारंभ होने से 28 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचिंत होगी। बैठक में मल्हारगढ़ माईक्रो सिंचाई परियोजना की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिए। बैठक में जिले की नगरीय निकायों में गीता भवन के निर्माण हेतु आवश्यक कार्यवाही हेतु अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि नगरपालिका अशोकनगर,चंदेरी,नगरपरिषद ईसागढ़,पिपरई, शाढौरा में भूमि आवंटन हो चुका है। नगरपरिषद मुंगावली के लिए भूमि आवंटन हेतु कार्यवाही प्रचलन में है। अशोकनगर नगरपालिका द्वारा गीता भवन टकनेरी में बनाया जायेगा। जिसकी लागत 10 करोड़ रूपये है।
उन्होंने चंदेरी अस्पताल के नवीन भवन निर्माण हेतु आवश्यक कार्यवाही की समीक्षा की।इस दौरान बताया कि नवीन भवन निर्माण के लिए भूमि का आवंटन किया जा चुका है। उक्त भूमि पर निर्मित दो शासकीय भवन अधिग्रहित किये जाने संबंधी कार्यवाही हेतु संबंधित विभाग को पत्र लिखा गया है।
बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया द्वारा 262 करोड़ रूपये की लागत से दूरी 81.3 किलोमीटर तक बनने वाले कुरवाई-मुंगावली-चंदेरी एनएच 346 रोड की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित अवधि तक पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने जिला मुख्यालय स्तर पर कॉल सेंटर के नवीन भवन के निर्माण हेतु आवश्यक कार्यवाही की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि ग्राम मारूप में भूमि आवंटित की गई तथा निर्माण कार्य हेतु टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। जिसका निर्माण 06 करोड़ रूपये की लागत से कराया जायेगा।
बैठक में जिला मुख्यालय पर 27 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले मल्टीपरपज स्पोर्टस कॉम्पलेक्स के निर्माण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि शंकरपुर पछार में भूमि का आवंटन किया गया है।
बैठक में रातीखेडा-इटवा-मलखेडी-मोहरी-इंगलखेडी-अशोकनगर-विदिशा रोड स्थित 12 किलोमीटर तक बनने वाले सड़क निर्माण के संबंध में निर्देश दिए कि रोड निर्माण कार्य हेतु शासन स्तर से सभी आवश्यक कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करें।
केन्द्रीय मंत्री द्वारा मेडिकल कॉलेज की स्थापना हेतु आवश्यक कार्यवाही के संबंध में समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि चिकित्सा महाविद्यालय के लिए ग्राम मोहरीराय में 10.034 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग भोपाल द्वारा अशोकनगर जिले में मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मोड में टेंडर राशि 260 करोड़ रूपये स्वीकृत किये गये है।उन्होंने टेंडर हेतु नवीन शर्तो का समावेश कर टेंडर प्रकिया कराये जाने के निर्देश दिए।
बैठक में शहरी क्षेत्रों के सौंन्द्रर्यीकरण के लिए 30 करोड रूपये की राशि निजी क्षेत्र की सीएसआर सहायता से क्रियान्वित की जायेगी। स्वीकृत राशि से नगरपालिका अशोकनगर द्वारा गुना रोड पर राजराजेश्वर मंदिर,ईसागढ़ रोड माता बीजासन कदवाया,विदिशा रोड मां जानकी करीला धाम तथा चंदेरी रोड पर मां जागेश्वरी, चंदेरी फोर्ट पर आधारित थीम गेट निर्माण सहित अन्य सौंन्द्रर्यीकरण के कार्यो की समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही के संबंध में निर्देश दिए।
केन्द्रीय मंत्री द्वारा 270 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले 73 किलोमीटर सड़क निर्माण लुकवासा -ईसागढ़- ढाकोनी-चंदेरी- राजघाट कार्य की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण का कार्य निर्धारित मापदण्ड अनुरूप पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित अवधि में किया जाए। बैठक में 134 करोड़ रूपये की राशि से बनने वाले शाढौरा से करीला माता मंदिर 54 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जिला मुख्यालय के समीप बरखेडी में निर्माणाधीन 63 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले 350 बिस्तरीय नवीन अस्पताल की निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा कर समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए। बैठक में केन्द्रीय मंत्री द्वारा 1572 करोड़ रूपये की लागत से निर्माणाधीन परियोजना राजघाट जल आपूर्ति योजना की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि इस परियोजना का 82 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है,शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। साथ ही निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। बैठक में जनप्रतिनधियों के प्राप्त सुझावों पर विशेष चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिये गये।
बैठक में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय द्वारा जिले के विकास कार्यो की अद्यतन स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मुंगावली विधायक श्री बृजेन्द्र सिंह यादव,चंदेरी विधायक श्री जगन्नाथ सिंह रघुवंशी,भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक तिवारी,पूर्व विधायक श्री जजपाल सिंह जज्जी,पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा,जिला वनमण्डाधिकारी श्रीमती प्रतिभा अहिरवार,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।
Jyotiraditya M Scindia
#AshokNagar