चम्बा के व्यापारियों से सुनील सिंघी का आह्वान, ‘हर घर स्वदेशी’ के संकल्प को बनाएं जनआंदोलन
स्वदेशी संवाद कार्यक्रम में आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने का दिया संदेश, जिला भर के व्यापारी और होटल व्यवसायी रहे मौजूद
चम्बा, 20 नवंबर। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंघी ने जिला चम्बा के व्यापारियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी अपनाने के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। वह शनिवार को जिला मुख्यालय चम्बा में स्वदेशी जागरण मंच की ओर से आयोजित स्वदेशी संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में जिला भर के व्यापारी और होटल प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर सुनील सिंघी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है। देश को आत्मनिर्भर बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब आम नागरिक, व्यापारी और कारोबारी स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देंगे।
उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में लगातार मजबूती देखने को मिल रही है। वर्ष 2014 में भारत दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जबकि आज देश तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सुनील सिंघी ने कहा कि प्रधानमंत्री के 'हर घर स्वदेशी' के आह्वान को लेकर देशभर में प्रयास किए जा रहे हैं। इस अभियान को सफल बनाने में देश की जनता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे स्थानीय उत्पादों और देश में निर्मित वस्तुओं को बढ़ावा दें, ताकि स्वदेशी उत्पादन को प्रोत्साहन मिलने के साथ देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी है।
बाइट: सुनील सिंघी, अध्यक्ष, राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड
TRIBAL LIVE NEWS
The Voice of Tribal
Chamba, Chamba | Nov 21, 2026