प्रताप नगर चौराहा पर गूंजेगा श्रीराम नाम, 11 सितम्बर से सात दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का होगा शुभारंभ
.
#हरदोई: चौरासी कोशी धर्म और आस्था की पावन धरती नैमिषारण्य पर एक बार फिर श्रीराम नाम की अमृतधारा बहने जा रही है। बता दे कि आगामी 11 सितम्बर 2026 से प्रताप नगर चौराहा पर आयोजित होने जा रही सात दिवसीय भव्य श्रीराम कथा के शुभारंभ की तैयारियों को लेकर मंगलवार, 11 अगस्त 2026 को विधि-विधान एवं श्रद्धा भाव के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया गया।
भूमि पूजन कार्यक्रम में आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण, पूजन-अर्चन एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कथा स्थल की पवित्र भूमि का पूजन किया गया। जैसे ही वैदिक मंत्रों की गूंज वातावरण में सुनाई दी, पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम का स्मरण करते हुए आगामी कथा के निर्विघ्न एवं सफल आयोजन की मंगलकामना की।
आयोजकों ने बताया कि सात दिवसीय इस भव्य श्रीराम कथा में विश्व विख्यात बाल कथावाचक अनुष्का पाठक द्वारा श्रीरामचरितमानस एवं प्रभु श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग, सत्य, धर्म, करुणा और संस्कारों का संदेश प्राप्त होगा।
भूमि पूजन के अवसर पर आयोजकों ने कहा कि श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को धर्म, संस्कार, सदाचार, सेवा और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ाने का पवित्र माध्यम है। प्रभु श्रीराम का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म का साथ निभाने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से भावपूर्ण अपील करते हुए कहा कि 11 सितम्बर से प्रारंभ होने वाली सात दिवसीय श्रीराम कथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का श्रवण करें और प्रभु श्रीराम की भक्ति में स्वयं को समर्पित करें। उन्होंने कहा कि जीवन में जब श्रीराम कथा जैसी पवित्र गंगा बहती है तो उसमें डुबकी लगाने का अवसर सभी को अवश्य प्राप्त करना चाहिए।
भूमि पूजन के साथ ही प्रताप नगर चौराहा पर होने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया। श्रद्धालुओं में अभी से कथा को लेकर उत्साह और उमंग दिखाई देने लगी है। आयोजकों को उम्मीद है कि सात दिनों तक प्रताप नगर चौराहा ‘जय श्रीराम’ के जयघोष और रामकथा की अमृतवाणी से गुंजायमान रहेगा।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Aug 11, 2026