पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियां जल्द जारी करे सरकार : नेक राम शास्त्री
जोगिंद्रनगर/शिव कुमार।
हिम आंचल पेंशनर संघ इकाई जोगिंद्रनगर-चौंतड़ा खंड की मासिक बैठक रविवार को मिनी सचिवालय जोगिंद्रनगर में इकाई प्रधान नेक राम शास्त्री की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और लंबित वित्तीय देनदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत सेवानिवृत्त सहायक जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी एवं राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित बंशी राम धरवाल तथा अध्यापिका चंद्ररेखा सूद के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
वित्त सचिव एवं राज्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने बताया कि प्रधान नेक राम शास्त्री ने संघ की गतिविधियों और पेंशनरों से संबंधित विभिन्न मामलों की जानकारी सदस्यों के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि संघ की मजबूती के लिए सभी पेंशनरों को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए, ताकि उनकी मांगों और समस्याओं का सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से समाधान करवाया जा सके।
प्रधान नेक राम शास्त्री ने कहा कि पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों का अभी तक पूर्ण निपटारा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 31 जुलाई तक वित्तीय संशोधन राशि प्रदान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन यह आश्वासन पूरा नहीं हुआ। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि हजारों पेंशनरों की वित्तीय देनदारियां अभी भी लंबित हैं। जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट, चिकित्सा बिलों का भुगतान, 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता तथा महंगाई भत्ते का एरियर सहित विभिन्न देनदारियां सरकार के पास लंबित हैं। पेंशनरों ने कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद इन मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।
पेंशनरों ने उम्मीद जताई कि सरकार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को महंगाई भत्ते को एरियर सहित जारी करने की घोषणा करेगी, जिससे लंबे समय से अपनी देनदारियों का इंतजार कर रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राहत मिल सके।
बैठक में जोगिंद्रनगर उपमंडल के पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला एवं राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को डीमर्ज करने की मांग भी उठाई गई। पेंशनरों ने कहा कि दोनों शिक्षण संस्थान क्षेत्र की ऐतिहासिक शैक्षणिक धरोहर हैं और लंबे समय से शिक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था तथा खेलकूद के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देते आ रहे हैं। उन्होंने सरकार से अभिभावकों, विद्यार्थियों और स्थानीय जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए दोनों विद्यालयों को पूर्व व्यवस्था के अनुसार अलग करने की मांग की।
इसके अलावा डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र जारी करने में पेंशनरों को आ रही परेशानियों पर भी चर्चा हुई। संघ ने सरकार से मांग की कि पेंशनरों के लिए जीवित प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को पूर्व की भांति सरल रखा जाए, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में हिमाचल प्रदेश आयुष मंत्रालय के अधीन संचालित क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र जोगिंद्रनगर को सोलन जिला स्थानांतरित करने के निर्णय का भी कड़ा विरोध किया गया। पेंशनरों ने सरकार से केंद्र को जोगिंद्रनगर में ही बनाए रखने की मांग की।
बैठक में सरद सिंह ठाकुर, बलदेव सिंह ठाकुर, बृजगोपाल अवस्थी, चमेल सिंह, नारायण सिंह राणा, दान सिंह ठाकुर, प्रभात सिंह राठौर, चंद्र सिंह ठाकुर, ज्ञान सिंह सकलानी, भगत राम वर्मा, गोपाल चंद शर्मा, नेक राम शास्त्री, रविंद्र शर्मा, बलदेव ठाकुर, प्रकाश चंद वर्मा, चतर सिंह पठानिया, बीरी सिंह ठाकुर, रघुवीर सिंह, रत्न चंद ठाकुर सहित कई पेंशनरों ने भाग लिया।
Jogindarnagar, Mandi | Aug 9, 2026