// भरतपुर पुलिस अलर्ट मोड पर //
✳️*नवरात्री सहित आगामी त्योहारों एवं पंचायत चुनावों के मद्देनजर जिलेभर में पैदल गश्त तेज*
✳️*भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख बाजारों, मंदिरों एवं संवेदनशील स्थानों पर जिला पुलिस टीमों की सघन गस्त व सतत निगरानी जारी*
✳️*जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने व आमजन की सुरक्षा हेतु जिला पुलिस मुस्तैद*
भरतपुर, 14 अक्टूबर । नवरात्रि सहित आगामी त्योहारों एवं पंचायत चुनावों के मद्देनजर भरतपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलेभर के समस्त थाना क्षेत्रों में जिला पुलिस टीमों द्वारा पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) तेज कर दी गई है। पुलिस टीमें प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, चौराहों, मंदिरों के आसपास, प्रमुख मार्गों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रख रही हैं।
*जिला पुलिस अधीक्षक भरतपुर श्री राजेश कुमार मीना आईपीएस के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र कुमार यादव आरपीएस* के पर्यवेक्षण में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा सक्रियता के साथ गश्त की जा रही है। इस दौरान पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आमजन के बीच सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण कायम करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
*त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता*
नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के दौरान मंदिरों, धार्मिक स्थलों, बाजारों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं आमजन की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस द्वारा सतर्कता बरती जा रही है। पैदल गश्त के माध्यम से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है तथा असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जिला पुलिस का उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना तथा आमजन को निर्भीक होकर धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
साथ ही आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनावी वातावरण सुनिश्चित करने, आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से क्षेत्र में निरंतर निगरानी एवं गश्त की जा रही है। जिला पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा चुनावी प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
*आमजन से शांति एवं सहयोग बनाए रखने की अपील*
भरतपुर पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि आगामी त्योहारों एवं पंचायत चुनावों के दौरान शांति, सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा अपुष्ट संदेशों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित करें।
यदि किसी व्यक्ति को किसी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्व अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित किसी घटना की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। आमजन से पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना से बचने की अपील की जाती है।