“लड़का तुम्हारे मतलब का नहीं, मुझसे ही निकाह कर लो”—पूर्व प्रिंसिपल पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप
👉🏾👉🏾 निकाह के बदले प्लॉट-मकान देने का दावा, 75 वर्षीय पूर्व प्रिंसिपल पर अश्लील हरकतों का भी आरोप
मुजफ्फरनगर। एक मुस्लिम महिला ने अपने पूर्व प्रिंसिपल अली रईस के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय में शिकायत दी है। महिला ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, महिला का आरोप है कि अली रईस ने उसे एक लड़का दिखाने के बहाने बुलाया था। महिला के अनुसार, वहां पहुंचने के बाद पूर्व प्रिंसिपल ने कथित तौर पर कहा कि “लड़का तुम्हारे मतलब का नहीं है, मुझसे ही निकाह कर लो।”
महिला का आरोप है कि कथित निकाह के बदले उसके नाम एक प्लॉट और मकान करने की बात भी कही गई। महिला ने आगे आरोप लगाया कि इसके बाद 75 वर्षीय पूर्व प्रिंसिपल ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं।
महिला का यह भी आरोप है कि घटना के संबंध में शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचने पर उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया और उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया।
महिला ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराकर आरोपों के आधार पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।