◆◆ *यातायात प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने किया वीर कुंवर सिंह सेतु क्षेत्र का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण*
छपरा, 07 जून 2026:
◆ जिलाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री विनीत कुमार ने आज बिसुनपुरा से झंगा चौक होते हुए वीर कुंवर सिंह सेतु (आरा पुल) के दक्षिणी छोर तक यातायात प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।
◆ निरीक्षण के दौरान यातायात संचालन को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
◆ सेतु के उत्तरी छोर स्थित झंगा चौक चेक पोस्ट का अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने वहां प्रतिनियुक्त कर्मियों के लिए पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस, खनन, यातायात एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों की बहु-विभागीय प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करते हुए प्रभावी निगरानी व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।
◆ वीर कुंवर सिंह सेतु के दक्षिणी छोर पर निर्माणाधीन खनन जांच चौकी का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने पाया कि चेक पोस्ट का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। इस पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं जैसे समुचित प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, कर्मियों के बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। यहां भी पुलिस, खनन, परिवहन एवं यातायात विभाग की संयुक्त प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि वाहनों की प्रभावी जांच एवं यातायात नियंत्रण किया जा सके।
◆ निरीक्षण के दौरान सड़क के किनारे राइट ऑफ वे (ROW) क्षेत्र में अवैध रूप से वाहन पार्किंग की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने ऐसे वाहनों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग यातायात बाधित करने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ाती है, इसलिए इस पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है।
◆ अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि वीर कुंवर सिंह सेतु पर किसी भी परिस्थिति में जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। सभी वाहनों का परिचालन निर्धारित लेन में ही सुनिश्चित कराया जाए तथा लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश सेतु पर यातायात दबाव बढ़ता है अथवा जाम की स्थिति उत्पन्न होती है तो पुल के दोनों ओर यातायात को तत्काल नियंत्रित एवं विनियमित करते हुए जाम को शीघ्र समाप्त कराया जाए।
◆ जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वीर कुंवर सिंह सेतु सारण एवं भोजपुर जिलों के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इस मार्ग पर सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं सामूहिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें।
◆ निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, पुलिस उपाधीक्षक यातायात , जिला परिवहन पदाधिकारी, अपर जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनिज विकास पदाधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
#TrafficRegulation
#कुंवरसिंह #सेतु
#saran
#inspection
#DM
#SSP
Transport Department, Government of Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
1 views | Saharsa, Bihar | Jun 7, 2026