निगम आयुक्त ने खुद सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश, नालों की सफाई का लिया जायजा
वार्ड 17 के कैंप व गुलाब नगर में खुद सफाई कर निगम आयुक्त ने जगाई स्वच्छता की अलख
लोगों को खुले में कचरा न डालने का किया आह्वान, बोले, अब खुले में कचरा फैंका तो चालान के साथ होगी बड़ी कार्रवाई
यमुनानगर। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और मानसून से पहले नालों की सफाई सुनिश्चित करने के लिए मेयर व नगर निगम के अधिकारी लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। इसी कड़ी में नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने वार्ड-17 के कैंप और गुलाब नगर क्षेत्र का दौरा कर सफाई व्यवस्था एवं नालों की सफाई का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त महाबीर प्रसाद ने स्वयं सफाई कर क्षेत्र में सफाई की और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से खुले में कूड़ा-कचरा न फेंकने तथा घरों का कचरा नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालने की अपील की। साथ ही खुले में कचरा डालने वालों पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी नगर निगम की जिम्मेदारी। इसके बाद आयुक्त ने क्षेत्र के विभिन्न नालों का निरीक्षण कर सफाई कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिन नालों में गंदगी जमा मिली, वहां मौके पर मौजूद सफाई कर्मचारियों से तत्काल सफाई कराई गई। कर्मचारियों ने आयुक्त की मौजूदगी में नालों की सफाई कर जमा गंदगी को हटाया। आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी नालों की गहन सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि सफाई कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, वार्ड-17 के पार्षद दीक्षित कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय निवासी मौजूद रहे। सभी ने क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता अपनाने और शहर को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया।
फोटो कैप्शन - वार्ड 17 के गुलाब नगर में लोगों के साथ सफाई करते आयुक्त महाबीर प्रसाद व अन्य।
वार्ड 17 के नालों का निरीक्षण करते नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद व अन्य।