प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक 13 अगस्त 2026
विशेष सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार, पटना के पत्रांक 2730, दिनांक 05 अगस्त 2026 के माध्यम से लखीसराय जिले के विभिन्न नगर निकायों में सुरक्षा की दृष्टि से सशस्त्र गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति की आवश्यकता व्यक्त की गई है।
तथा नगर निकायवार सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करते हुए आवश्यक संख्या में गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति के संबंध में अनुरोध किया गया है।
पत्र के आलोक में लखीसराय जिले के तीनों नगर निकायों की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था का आकलन एवं समीक्षा करने हेतु आज दिनांक 13.08.2026 को जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिले के नगर निकायों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सशस्त्र गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति पर बैठक की गई।
बैठक में नगर निकायों में उपलब्ध वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यकतानुसार सशस्त्र गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति तथा अन्य सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार एवं जिला पदाधिकारी द्वारा जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, लखीसराय से जिले में उपलब्ध होमगार्ड जवानों, बीएमपी, उत्पाद विभाग एवं अन्य कार्यालयों में पदस्थापित बलों की स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही नगर निकायों की सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप उपलब्ध बलों की समीक्षा की गई, ताकि आवश्यकतानुसार तत्काल प्रतिनियुक्ति की कार्रवाई की जा सके।
जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, लखीसराय द्वारा होमगार्ड के पुरुष एवं महिला जवानों की उपलब्धता के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस संबंध में जिला पदाधिकारी ने जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, लखीसराय को निर्देशित किया गया कि आकलन कर सभी नगर निकायों में आवश्यकतानुसार जल्द से जल्द गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि जिले की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।
नगर निकायों में नियुक्त होने वाले सशस्त्र बलों के भुगतान एवं आवासन की व्यवस्था संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी को करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, जिला समादेष्टा बिहार गृह रक्षा वाहिनी लखीसराय, सभी कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद लखीसराय जिला सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
16 views | Lakhisarai, Bihar | Aug 14, 2026