स्वच्छ जल एवं डायरिया रोकथाम अभियान के तहत रामा में सचिवों को फील्ड टेस्टिंग किट का प्रशिक्षण एवं वितरण
जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित "स्वच्छ जल, समुचित उपचार – डायरिया से बचे हर बार" अभियान के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, झाबुआ द्वारा शुक्रवार को विकासखंड रामा के जनपद सभागृह में ग्राम पंचायत सचिवों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सभी सचिवों को फील्ड टेस्टिंग किट (FTK) के उपयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा जल गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किटों का वितरण भी किया गया। प्रशिक्षण के दौरान ग्रामों में ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) के गठन एवं उसे सक्रिय रूप से संचालित करने, पेयजल स्रोतों के आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में जलजनित बीमारियों की रोकथाम, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा सुरक्षित पेयजल के महत्व पर विशेष रूप से जागरूक किया गया। उपस्थित सचिवों को ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वच्छ जल, स्वच्छता एवं डायरिया की रोकथाम के प्रति जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर जिला स्तर से जिला सांख्यिकी अधिकारी श्री सुनील चौहान, सहायक जिला सांख्यिकी अधिकारी श्री संजय सोलंकी तथा एबीपी सुश्री दीपिका गवली उपस्थित रहीं। साथ ही जनपद पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रशिक्षण गतिविधि का संचालन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की विकासखंड समन्वयक श्रीमती अंकिता सोलंकी एवं पीएमयू-आईएसए के श्री राजेश डाबी द्वारा किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Public Health Engineering, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP
1 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Jul 10, 2026