🚨टिहरी: नौवें जौनपुर महोत्सव का CM धामी ने किया शुभारंभ, 52.55 करोड़ की 26 विकास योजनाओं की दी सौगात
थत्यूड़ CHC बनेगा उप जिला चिकित्सालय, धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग को भी मिलेगी मंजूरी; क्षेत्र के विकास के लिए CM ने कीं कई अहम घोषणाएं
टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जौनपुर क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करना प्रमुख है। इसके अलावा धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है, वहीं खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है। करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटन क्षेत्र विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण के साथ कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में सड़क और पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई कार्य पूरे किए गए हैं। कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के समाधान के लिए करीब 6 करोड़ रुपये से सुरक्षा कार्य कराए गए हैं। वहीं, 8 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कद्दूखाल में पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है।
पलायन पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पहाड़ों में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। कृषि, उद्यानिकी, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार मिल रहा है तथा इस ब्रांड की बिक्री 6 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुकी है। राज्य में रिवर्स पलायन में भी 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को लेकर कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू करने के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। सरकार खेल, शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। वहीं, गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथों का अनुवाद कर लोकभाषा के संरक्षण में योगदान देने वाले साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया।
स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में विकास कार्यों और योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जौनपुर क्षेत्र में कृषि, उद्यानिकी और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिनके विकास से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, नगर पालिका मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
#JaunpurMahotsav #CMdhami #TehriGarhwal #UttarakhandNews #Dhanaulti #newsmafiya
Dehradun, Dehradun | Nov 12, 2026