देवांगना स्थित पंपापुर तीर्थकोट का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, नियमित साफ-सफाई एवं आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने आज देवांगना स्थित पंपापुर तीर्थकोट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खंड विकास अधिकारी, कर्वी को निर्देशित किया कि तीर्थस्थल पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक सप्ताह लिखित रूप से कार्मिकों की ड्यूटी निर्धारित की जाए, जिससे परिसर की स्वच्छता एवं व्यवस्थाएं निरंतर बनी रहें।
जिलाधिकारी ने कहा कि पंपापुर तीर्थकोट एक सुंदर एवं रमणीय धार्मिक स्थल है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तीर्थकोट के ऋषि का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया तथा भगवान श्री हनुमान जी के मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
स्थानीय नागरिकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण की मांग किए जाने पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्यवाही कराते हुए शेड का निर्माण कराने तथा मंदिर परिसर की सीढ़ियों की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं एवं भंडारा आयोजकों से अपील की कि भोजन उपरांत प्रयुक्त पत्तल एवं अन्य अपशिष्ट निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा परिसर में इधर-उधर न फैलाएं, जिससे तीर्थस्थल की स्वच्छता एवं पवित्रता बनी रहे।
#चित्रकूट