*बस्ती में बाढ़-2026 की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे गोरखा रिक्रूटिंग डिपो के अधिकारी*
*जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश 24 जून 2026*
संभावित बाढ़-2026 की तैयारियों एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से गोरखा रिक्रूटिंग डिपो के अधिकारियों ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने जनपद की बाढ़ संवेदनशीलता, संभावित जोखिम क्षेत्रों, राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं तथा बाढ़ पूर्व तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने जनपद में संचालित आपदा जोखिम न्यूनीकरण (डीआरआर) गतिविधियों, चेतावनी तंत्र एवं सामुदायिक सहभागिता आधारित तैयारियों पर भी प्रकाश डाला। भ्रमण के दौरान गोरखा रिक्रूटिंग डिपो (जीआरडी) के प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रतिपाल सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने जनपद में लागू इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) की कार्यप्रणाली, विभिन्न विभागों की भूमिका, समन्वय तंत्र तथा आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था के बारे में जानकारी साझा की।
बैठक के दौरान आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रशासन एवं सुरक्षा बलों के मध्य समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी चर्चा की गई, जिससे संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें।
*संवाददाता हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Jun 24, 2026