भिण्ड जिला अस्पताल को आदर्श चिकित्सालय के रूप में विकसित किया जाएगा: उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल
पुराने भवन के जर्जर वार्ड एक सप्ताह में नए भवन में होंगे शिफ्ट, मरीजों की सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश
भिण्ड, 12 नवंबर। मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार को भिण्ड जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जिला अस्पताल को आदर्श चिकित्सालय के रूप में विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि गंभीर स्थिति में मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता कम हो।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में नवनिर्मित 100 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई तथा 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर यूनिट का जायजा लिया। उन्होंने पुराने अस्पताल भवन के जर्जर वार्डों को लेकर चिंता जताते हुए निर्देश दिए कि जिन वार्डों की छत कमजोर है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर नए भवन में स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों और अस्पताल स्टाफ की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा क्षतिग्रस्त भवनों में स्वास्थ्य सेवाएं संचालित नहीं होंगी।
उपमुख्यमंत्री ने क्रिटिकल केयर यूनिट के दोनों मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर जल्द क्रियाशील करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए डॉक्टरों और विशेषज्ञों की कमी दूर की जा रही है। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 50 डॉक्टर उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में ही मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।
उन्होंने 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की बीपी, शुगर, फैटी लिवर और कैंसर जैसी गैर-संचारी बीमारियों की जांच में तेजी लाने तथा दूरस्थ क्षेत्रों में टेलीमेडिसिन सेवाओं को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मरीजों के परिजनों के ठहरने के लिए डोरमेट्री बनाने के प्रस्ताव का परीक्षण करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने डायलिसिस वार्ड, उपलब्ध मशीनों, प्रसव एवं सिजेरियन की संख्या, दवाओं की उपलब्धता और ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में मरीजों को आधुनिक सुविधाएं और समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस दौरान कलेक्टर पवन जैन, पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा, अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया, सीएमएचओ डॉ. जे.एस. यादव, सिविल सर्जन आर.के. मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Gormi, Bhind | Nov 12, 2026