मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पर जय सिंह का तीखा हमला, बोले– मरीजों को रेफर करना है तो बंद कर दो!
158 करोड़ रुपये की लागत से बने सरोल भवन में सुविधाओं का अभाव, चार महीने बाद भी केवल 3 ओपीडी संचालित; मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठे भाजपा नेता।
चंबा 10 नवंबर 2026
पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जय सिंह ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार पर धरना देकर प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग को घेरा। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर की कार्यप्रणाली, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और सरोल स्थित नए मेडिकल कॉलेज भवन में सुविधाओं की कमी पर गंभीर सवाल उठाए।
जय सिंह ने सवाल उठाया कि यदि सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज, आईजीएमसी शिमला और पीजीआई चंडीगढ़ रेफर करना पड़ता है तो चंबा में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने का औचित्य क्या है? उनका आरोप है कि ट्रॉमा सेंटर में मशीनें स्थापित होने के बावजूद पर्याप्त तकनीकी स्टाफ उपलब्ध नहीं है, जिसके चलते मरीजों को अपेक्षित उपचार नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से सवाल किया कि ट्रॉमा सेंटर शुरू होने के बाद अब तक कितने मरीजों का सफलतापूर्वक उपचार किया गया है। उन्होंने सरकार से इस संबंध में सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
जय सिंह ने सरोल स्थित 200 बिस्तरों वाले नए मेडिकल कॉलेज भवन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि करीब 158 करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन के लोकार्पण को लगभग चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक वहां केवल तीन ओपीडी ही संचालित हो रही हैं।
उनका कहना है कि पर्याप्त जांच सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण मरीज आज भी पुराने मेडिकल कॉलेज में उपचार करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। सरोल में कृष्णा लैब के माध्यम से जांच की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन एक्स-रे और सीटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं शुरू नहीं हो पाई हैं। रेडियोग्राफर सहित तकनीकी कर्मचारियों की कमी भी मरीजों की परेशानी बढ़ा रही है।
जय सिंह ने विशेषज्ञ चिकित्सकों और नए विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने स्त्री रोग, चर्म रोग और मानसिक रोग विभागों को लेकर किए जा रहे दावों पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए कहा कि धरातल पर इन विभागों में मरीजों की संख्या बेहद कम दिखाई दे रही है।
उन्होंने चर्म रोग विभाग का उदाहरण देते हुए बताया कि बीते सप्ताह विशेषज्ञ चिकित्सक के पास महज 65 से 70 मरीज ही उपचार के लिए पहुंचे। उन्होंने स्थायी चिकित्सकों की नियुक्ति को लेकर सोशल मीडिया पर दी जा रही जानकारियों और वास्तविक स्थिति में अंतर होने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा कि यदि सरोल में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जा सकतीं तो मेडिकल कॉलेज को पूरी तरह सरोल स्थानांतरित करने अथवा केवल खानापूर्ति के लिए शुरू किए गए विभागों को बंद करने पर विचार किया जाना चाहिए।
अब बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए मेडिकल कॉलेज भवन में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं कब मिलेंगी? चंबा की जनता को रेफरल व्यवस्था नहीं, अपने जिले में बेहतर उपचार की उम्मीद है।
👉नोट: यह समाचार जय सिंह द्वारा धरने के दौरान लगाए गए आरोपों और उपलब्ध करवाई गई जानकारी पर आधारित है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
Chamba, Chamba | Nov 10, 2026