चंबा के सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध: विधायक नीरज नैय्यर
65 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमि पूजन व शिलान्यास, हेलीपोर्ट का अधिकांश कार्य पूरा—जल्द शुरू होंगी हेली टैक्सी सेवाएं
चंबा, 9 सितंबर। चंबा विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और शहर के सुनियोजित विकास को लेकर विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य तेज किया जा रहा है। विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि चंबा विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। पार्किंग, सड़क, सीवरेज, खेल एवं सौंदर्यीकरण के साथ-साथ हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए भी चरणबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं।
विधायक नीरज नैय्यर बुधवार को चिल्ड्रन पार्क, चौगान नंबर-4 में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लगभग 65 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।
इन कार्यों में चिल्ड्रन पार्क के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का शिलान्यास, चौगान नंबर-3 के सौंदर्यीकरण तथा चौगान नंबर-2, 3, 4 और 5 के फुटपाथों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य शामिल हैं। इससे पहले विधायक ने श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमि पूजन भी किया।
पार्किंग समस्या के समाधान पर विशेष जोर
विधायक ने कहा कि चंबा शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार और विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भगोत पार्किंग के लिए 25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति उपलब्ध करवाई गई है, जिसमें से 10 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि पुराने बस अड्डा परिसर में प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। शहर की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इसे चार मंजिल के स्थान पर छह मंजिल बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, ताकि लंबे समय तक पार्किंग की समस्या से राहत मिल सके।
पक्काटाला-बालू मार्ग के उन्नयन के लिए 50 लाख जारी
नीरज नैय्यर ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के सरोल स्थित नए परिसर तक शहरवासियों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए पक्काटाला-बालू संपर्क मार्ग के उन्नयन पर भी काम किया जा रहा है। इसके लिए 1.25 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है और प्रथम किस्त के रूप में 50 लाख रुपये की राशि विभाग को उपलब्ध करवाई जा चुकी है।
जल्द शुरू होंगी चंबा हेलीपोर्ट से हेली टैक्सी सेवाएं
चंबा की हवाई कनेक्टिविटी को लेकर विधायक ने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि चंबा हेलीपोर्ट का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही यहां से हेली टैक्सी सेवाएं शुरू की जाएंगी। इससे चंबा की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
एनएच-154ए को लेकर भी प्रयास जारी
विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-154ए के तहत चंबा शहर और मंदिर क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए राष्ट्रीय उच्च मार्ग को रावी नदी के किनारे से भरमौर की ओर स्थानांतरित करने को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने नगर परिषद चंबा के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने अपनी विधायक निधि से नगर परिषद के सभी वार्डों के लिए 10-10 स्ट्रीट लाइटें संबंधित पार्षदों के माध्यम से वितरित कीं।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी तथा पार्षद तन्वी गोस्वामी ने भी अपने विचार रखे। वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद राखी कौशल ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष लियाकत अली, नगर परिषद उपाध्यक्ष जितेंद्र सूर्या, नगर परिषद के विभिन्न वार्डों के पार्षद तथा स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
#Chamba #NeerajNayyar #HimachalPradesh #ChambaDevelopment #HimachalNews #DevelopmentProjects #HeliTaxi #ChambaHeliport #ParkingProject #UrbanDevelopment हिम संदेश चंबा टुडे चैनल चंबा न्यूज़ लाइव DC Chamba Chamba ki aawaj Tv The Times of Chamba
Saach, Chamba | Sep 9, 2026