जुब्बा सहनी पार्क में पुलिस का जनसंवाद: वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की सुरक्षा पर हुई चर्चा, फरार इनामी आरोपी के पोस्टर बांटकर मांगा जनसहयोग
मुजफ्फरपुर में वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सोमवार को जुब्बा सहनी पार्क में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर ने पार्क में आमजनों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली।
जनसंवाद के दौरान मॉर्निंग वॉक और संध्या भ्रमण के समय सुरक्षा व्यवस्था, यातायात से जुड़ी समस्याओं तथा ड्रग्स से संबंधित गतिविधियों को लेकर आमजनों से जानकारी और सुझाव प्राप्त किए गए।
एसएसपी ने थाना स्तर पर वरिष्ठ नागरिक कोषांग गठित करने का निर्देश दिया। इसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों का नियमित सत्यापन कराने के साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही गई। सुरक्षा के दृष्टिकोण से वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण भी कराया जाएगा।
वहीं, मिठनपुरा थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड में संलिप्त 50 हजार रुपये के इनामी फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी को लेकर भी पुलिस ने जनसहयोग मांगा। आमजनों के बीच आरोपी के पोस्टर वितरित किए गए।
पुलिस ने अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9431896700 पर जानकारी दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, नगर-01 भी मौजूद रहे।
#TirhutNow #MuzaffarpurPolice #SeniorCitizenSafety #WomenSafety #MuzaffarpurNews