कलेक्ट्रेट में डीएम का औचक निरीक्षण, साफ-सफाई से लेकर अभिलेखों के रख-रखाव तक जांची व्यवस्था
देवरिया, 24 सितंबर। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों और पटलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और लंबित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
डीएम ने जिला पूर्ति कार्यालय, फौजदारी अभिलेखागार, राजस्व अभिलेखागार, चकबंदी कार्यालय, संयुक्त कार्यालय, आपात सहायता कार्यालय और नजारत सदर समेत अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों से पत्रावलियों और अभिलेखों के रख-रखाव की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से रखे जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर संबंधित अभिलेख आसानी से उपलब्ध हो सकें। कार्यालयों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया।
समय से कार्यालय पहुंचे अधिकारी-कर्मचारी
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारी और कर्मचारियों की समय से कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा संबंधित पटल के कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्राप्त प्रकरणों का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
बिना स्वीकृति छुट्टी पर गए तो होगी कार्रवाई
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार का अवकाश मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ही लिया जाए। निर्धारित प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से पालन करने और बिना पूर्व स्वीकृति के अवकाश पर नहीं रहने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। कलेक्ट्रेट आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान एएसडीएम अखिलेश कुमार यादव सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
#DeoriaPost #Deoria #DMDeoria #MadhusudanHulgi #Collectorate #DeoriaNews #UttarPradesh