*लहार नगरपालिका की लापरवाही लहार में अधिकतर स्ट्रीट लाइटें बंद,अंधेरे में डूबे मुख्य मार्ग*
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
*बस स्टैंड से लेकर पचपेड़ा तिराहा तक पसरा अंधेरा, राहगीरों और दुकानदारों में आक्रोश*
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
लहार। नगर परिषद लहार की अनदेखी और लचर कार्यप्रणाली के कारण कस्बे की प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नगर के मुख्य मार्गों से लेकर प्रमुख चौराहों तक लगी अधिकांश स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। शाम ढलते ही नगर का एक बड़ा हिस्सा अंधेरे के आगोश में समा जाता है,बस स्टैंड से पचपेड़ा तिराहा तक के मुख्य मार्ग पर कई जगह स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। इसके अलावा पुरानी चुंगी, मझतोरा चौराहा, लोहिया चौक और पचपेड़ा तिराहे के आसपास लगी अधिकांश लाइटें लंबे समय से शोपीस बनी हुई हैं,प्रमुख चौराहों पर अंधेरा छाए रहने से राहगीरों, महिलाओं और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अंधेरे की वजह से दुर्घटनाओं और चोरी-उचक्कागिरी की घटनाओं का अंदेशा बना रहता है,नागरिकों व व्यापारियों का आरोप है कि नगरपालिका प्रशासन को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। नगरवासियों ने चेताया है कि यदि जल्द ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक नहीं कराया गया, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।