साहस दिखाने वाले बच्चों को मिलेगा बाल वीरता पुरस्कार, 10 अक्टूबर तक आवेदन
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना के तहत विपरीत परिस्थितियों में अदम्य साहस, वीरता, मानवीय संवेदना और धैर्य का परिचय देने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। योजना का उद्देश्य बच्चों में साहस और पराक्रम की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ ही उल्लेखनीय कार्य करने वाले बच्चों को अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बनाना है।
योजना के अंतर्गत प्रत्येक जनपद से एक बालक या बालिका का चयन मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार के लिए किया जाएगा। चयनित बच्चे को प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न और 51 हजार रुपये की नकद धनराशि प्रदान की जाएगी। प्रदेश में यह पुरस्कार पहली बार प्रदान किया जा रहा है।
पात्र बच्चों के आवेदन एवं नामांकन की प्रक्रिया 27 सितंबर से शुरू होकर 10 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। पात्र बच्चे अथवा उनके अभिभावक निर्धारित अवधि में wecd.uk.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने जनपद के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों से अपील की है कि वे अपने विद्यालयों में ऐसे बच्चों की पहचान करें, जिन्होंने साहस, वीरता, मानवीय संवेदना अथवा विपरीत परिस्थितियों में उल्लेखनीय कार्य किया हो। ऐसे पात्र बच्चों का निर्धारित समय सीमा के भीतर नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा ने अपील की है कि जिले में यदि किसी के आसपास या जानकारी में ऐसा बालक अथवा बालिका है, जिसने वीरता का परिचय देते हुए किसी व्यक्ति की जान बचाई हो या कोई अन्य उल्लेखनीय साहसिक कार्य किया हो, तो उसके आवेदन में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पात्र बच्चों तक योजना की जानकारी पहुंचाना और समय पर उनका आवेदन करवाना सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि जनपद से सर्वश्रेष्ठ पात्र बालक या बालिका का चयन किया जा सके। #facebookviral #award #rudraprayag #today #uttarakhand #boys #girlpower #brave #BJPGovernment #Minister