पोलियो से बचाव के साथ बच्चों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति से सुरक्षित रखने का दिया संदेश
रोटरी क्लब के सहयोग से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
प्रधान जिला न्यायाधीश ने पोलियो बूथ का शुभारंभ कर बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक, बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का किया आह्वान
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रविवार को पोलियो दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब मुरैना के सहयोग से पोलियो बूथ एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष अतिथि प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती संगीता मदान ने मां सरस्वती का पूजन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई तथा आमजन को बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के प्रति जागरूक किया।
प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती संगीता मदान ने अपने संदेश में कहा कि जिस प्रकार सामूहिक प्रयासों से भारत को पोलियो मुक्त बनाने में सफलता मिली है, उसी प्रकार समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त कर भारत को बाल विवाह मुक्त बनाना है। उन्होंने बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के साथ ही उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा बाल विवाह जैसी कुप्रथा के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुरैना द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री दिनेश सिंह राणा ने उपस्थित जनसमूह को नालसा एवं सालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए निःशुल्क विधिक सहायता, पात्र व्यक्तियों को मिलने वाली विधिक सेवाओं तथा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश श्री विनय कुमार भारद्वाज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अंजय सिंह सहित न्यायिक मजिस्ट्रेटगण श्री राकेश कुमार, श्री आशीष शर्मा, श्रीमती ज्योत्सना तोमर, श्रीमती रीना शर्मा, श्रीमती अनीशा मिश्रा एवं श्री सिद्धार्थ कुमार उपस्थित रहे। रोटरी क्लब की ओर से अध्यक्ष श्री अतुल महेश्वरी सहित क्लब के कार्यकारिणी सदस्य, मुख्यालय मुरैना के पैरालीगल वॉलंटियर्स तथा न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
#JansamparkMP #Morena #MadhyaPradesh
Morena, Madhya Pradesh | Nov 22, 2026