प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक 14.08.2026
उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार की अध्यक्षता में जिले में एचआईवी संक्रमण से बचाव एवं आमजनों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जन-जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार संबंधी बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में एचआईवी संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय, समय पर जांच, उपचार तथा संक्रमण से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने कार्यालयों के साथ-साथ क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं, जीविका दीदियों एवं अन्य सामुदायिक कार्यकर्ताओं को एचआईवी संक्रमण से बचाव, जांच एवं उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराएं। प्रशिक्षित कार्यकर्ता गृह भ्रमण एवं सामाजिक गतिविधियों के दौरान आमजनों को एचआईवी से बचाव के आवश्यक उपायों के बारे में जागरूक करेंगे।
जन-जागरूकता के दौरान लोगों को यह जानकारी दी जाएगी कि एचआईवी संक्रमण किन माध्यमों से फैलता है और किन माध्यमों से नहीं फैलता। साथ ही, संदिग्ध स्थिति में समय पर जांच कराने, चिकित्सकीय परामर्श लेने तथा आवश्यक उपचार शुरू कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव न करने और उन्हें सामाजिक सहयोग प्रदान करने की अपील भी की जाएगी।
उप विकास आयुक्त महोदय ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक लोगों तक सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
12 views | Lakhisarai, Bihar | Aug 14, 2026