#बालाघाट
अवैध शराब के अड्डों पर आबकारी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
तीन गांवों से 2200 किलो महुआ लाहन जब्त, 2.20 लाख रुपये की सामग्री नष्ट
जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में 3 नवंबर को की गई इस कार्रवाई में लालबर्रा क्षेत्र के तीन गांवों से लगभग 2200 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 2 लाख 20 हजार रुपये बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी वृत्त कटंगी, वारासिवनी, लांजी एवं बालाघाट की टीम ने पुलिस थाना लालबर्रा के साथ मिलकर वृत्त वारासिवनी के अंतर्गत आने वाले ग्राम चिचगांव, खैरगोंदी एवं साल्हे में अवैध मदिरा निर्माण के अड्डों पर दबिश दी। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर प्लास्टिक के ड्रमों में भरकर रखा गया लगभग 2200 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। आबकारी विभाग ने बरामद महुआ लाहन के नमूने लेकर शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत दो प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं।
कार्रवाई में आबकारी वृत्त प्रभारियों रमाकांत बघेल, संदीप श्रीवास, कौस्तुभ नेताम, मनोज अंजलेकर, ज्योति सोनी एवं हिमांशी सहित आबकारी विभाग के मुख्य आरक्षक द्वार सिंह उइके, नरसिंह टेकाम, टीकाराम शरणागत तथा आरक्षक भानु मर्सकोले, अनिता कुमरे एवं आरती धुर्वे की भूमिका रही। वहीं पुलिस थाना लालबर्रा से एएसआई सूरज लाल नारनौर, मुख्य आरक्षक पवन मर्सकोले एवं आरक्षक प्रमोद डहरिया भी कार्रवाई में शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
#अवैध_शराब #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #MP_STATE_Excise_Dept_of_MP_Government #minprdd
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 3, 2026