एसएसपी ने पुलिस लाइन की परेड का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का दिया संदेश
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी, अनुशासन और टर्नआउट का जायजा लिया। परेड में शामिल जवानों ने अनुशासित ढंग से मार्च पास्ट किया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हुए पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
परेड के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इसमें मेस, निर्माणाधीन आवासीय परिसर, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, आरटीसी कार्यालय, सब्सिडी कैंटीन, जनपद नियंत्रण कक्ष, मोटर वाहन शाखा, स्टोर, क्वार्टर गार्द, शस्त्रागार और अन्य कार्यालय शामिल रहे। उन्होंने संबंधित अभिलेखों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए साफ-सफाई, रखरखाव और कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए।