मुख्य चौक के पास साड़ी घर के मीटर में लगी आग, करंट की चपेट में आकर इलेक्ट्रीशियन घायल
आजमगढ़। शहर के मुख्य चौक के समीप बुधवार दोपहर साड़ी घर दुकान के बाहरी हिस्से में लगे बिजली मीटर और केबल में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मीटर धू-धू कर जलने लगा। घटना के दौरान बाजार में काफी चहल-पहल थी। आसपास की सभी दुकानें खुली थीं और ग्राहकों के साथ सड़क पर राहगीरों की भीड़ मौजूद थी। आग की लपटें देखकर बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
आग बुझाने के प्रयास में दुकान का इलेक्ट्रीशियन चालू बिजली लाइन में ही मीटर ठीक करने पहुंच गया। इसी दौरान उसे जोरदार करंट का झटका लगा और वह दूर जा गिरा। हादसे में वह घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
उधर, आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानों में मौजूद फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने बिजली विभाग के एसडीओ को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद जेई बसंत कुमार को फोन किया गया, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद की गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस दौरान बाजार में धुआं फैल गया था। राहत की बात यह रही कि आग दुकान के अंदर रखी साड़ियों तक नहीं पहुंची और बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना के बाद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
दोपहर में बाजार के व्यस्त समय में हुई इस घटना को लेकर लोगों का कहना था कि यदि आग देर रात लगी होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। आग आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने का खतरा था। घटना ने बाजार क्षेत्र में बिजली मीटरों और खुले केबलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए।