भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर #जनजातीय_गौरव_दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया
वन राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार के मुख्य आतिथ्य में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ
जनजातीय समाज के सम्मान और उत्थान के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार समर्पित : राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार
राज्यमंत्री ने महुआ के लड्डुओं का स्वाद लेकर की बुंदेली व्यंजन की सराहना, समापन अवसर पर दीवारी नृत्य की प्रस्तुति दी गई
---
जननायक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी क्रांतिवीर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिजावर में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री Dilip Ahirwar ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह ने देखा और सुना।
राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और समाज के लिए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जनजातीय समाज को उचित सम्मान, अधिकार और विकास के अवसर दिलाने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में सांदीपनि विद्यालयों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार भी व्यक्त किया।
जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में जनजातीय समाज का महत्वपूर्ण योगदान : विधायक श्री राजेश शुक्ला
वहीं बिजावर विधायक श्री राजेश शुक्ला ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में जनजातीय समाज का सदैव महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जनजातीय समाज का जीवन प्रकृति से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने अपनी परंपराओं और संस्कृति को सहेजते हुए प्रकृति के प्रति अपनी निष्ठा और संरक्षण की भावना को हमेशा बनाए रखा है।
9 मेधावी विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत, जनजातीय प्रतिनिधि का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत जनजातीय वर्ग की तीन महिलाओं को लाभान्वित किया गया। वहीं जिले के 9 मेधावी जनजातीय विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। प्रत्येक विद्यार्थी को पांच प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, भगवद्गीता, संविधान की पुस्तक एवं पेन प्रदान किए गए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात करने वाले जिले के जनजातीय वर्ग के सक्रिय प्रतिनिधि रामलाल आदिवासी को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
राज्यमंत्री ने महुआ के लड्डुओं की सराहना की, विभागीय स्टॉलों का किया अवलोकन
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं गतिविधियों पर आधारित स्टॉल लगाए गए। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बुंदेली व्यंजन महुआ के लड्डुओं का स्वाद लिया और उनकी सराहना की। साथ ही सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, कृषि तथा आयुष विभाग के स्टॉलों पर प्रदर्शित योजनाओं, प्राकृतिक बीजों एवं औषधियों की जानकारी भी ली।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बुंदेलखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति को दर्शाते हुए पारंपरिक दीवारी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर बिजावर विधायक श्री राजेश शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योति चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर श्री मृणाल मीना, जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक, स्कूली छात्र उपस्थित रहे।
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Sagar Commissioner
#chhatarpur